Jammu & Kashmir National

ईरान से 30 से ज्यादा कश्मीरी छात्रों की सुरक्षित वापसी, आज और छात्रों के लौटने की उम्मीद

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शनिवार को 30 से अधिक कश्मीरी छात्र ईरान से सुरक्षित भारत लौट आए हैं। सभी छात्र कश्मीर घाटी पहुंच चुके हैं, जबकि रविवार को और छात्रों के वापस आने की संभावना है। अपनों की सुरक्षित वापसी से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।

जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (JKSA) के राष्ट्रीय संयोजक नासिर खुएहामी ने बताया कि एक समूह शिराज से शारजाह होते हुए दिल्ली पहुंचा, जबकि दूसरी फ्लाइट तेहरान से सीधे दिल्ली आई। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने छात्रों को एयरपोर्ट तक पहुंचाने में मदद की। सभी छात्रों ने अपने खर्च पर कॉमर्शियल फ्लाइट्स से यात्रा की। दूतावास लगातार छात्रों के संपर्क में है, हालांकि भारत सरकार की ओर से औपचारिक निकासी अभियान फिलहाल शुरू नहीं किया गया है।

JKSA के अनुसार, कश्मीर घाटी के 2000 से अधिक छात्र अभी भी ईरान में हैं और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। वहीं, युद्ध जैसे हालातों के कारण जम्मू-कश्मीर के करीब 234 मेडिकल छात्र अपनी पढ़ाई अधूरी छोड़कर लौट रहे हैं। छात्रों की सुरक्षित वापसी से परिवारों को राहत जरूर मिली है, लेकिन सैकड़ों मेडिकल छात्रों का भविष्य फिलहाल अनिश्चित बना हुआ है।