Technology

OnePlus N6 Lite: भारत में जल्द लॉन्च हो सकता है कंपनी का सबसे सस्ता स्मार्टफोन

वनप्लस भारतीय बाजार में अपने बजट स्मार्टफोन पोर्टफोलियो को बढ़ाने की तैयारी कर रही है। सामने आई एक नई लीक के मुताबिक, कंपनी सितंबर के अंत तक भारत में OnePlus N6 Lite को लॉन्च कर सकती है। खास बात यह है कि इसे भारत में कंपनी का अब तक का सबसे किफायती स्मार्टफोन बताया जा रहा है। फोन की कीमत और ज्यादातर स्पेसिफिकेशंस अभी सामने नहीं आए हैं, लेकिन रैम को लेकर जानकारी जरूर मिली है।

सितंबर के आखिरी हफ्ते में हो सकती है एंट्री

टिप्स्टर अभिषेक यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया है कि OnePlus इस महीने के आखिर में N6 Lite को भारतीय बाजार में उतार सकती है। उनके मुताबिक, यह कंपनी का सबसे सस्ता फोन होगा। एक अन्य पोस्ट के जवाब में उन्होंने बताया कि स्मार्टफोन में 4GB RAM दी जा सकती है। हालांकि, स्टोरेज, डिस्प्ले, कैमरा, चिपसेट और बैटरी जैसे अहम फीचर्स की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।

भारत के लिए खास हो सकता है फोन

OnePlus N6 Lite से जुड़ी यह खबर उस रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें कंपनी के सितंबर में भारत के लिए एक नए बजट 4G स्मार्टफोन लॉन्च करने की बात कही गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, यह डिवाइस भारत में एक्सक्लूसिव तौर पर पेश किया जा सकता है और इस साल देश में कंपनी का आखिरी स्मार्टफोन भी हो सकता है। ऐसे में माना जा रहा है कि N6 Lite वही डिवाइस हो सकता है।

N6X से कम हो सकती है कीमत

अगर कंपनी इसे सबसे सस्ता OnePlus फोन बनाती है, तो इसकी कीमत OnePlus N6X से नीचे रखी जा सकती है। N6X की शुरुआती कीमत ₹18,999 है। इसमें 6.8-इंच HD+ LCD 120Hz डिस्प्ले, MediaTek Dimensity 6360 Apex चिपसेट, 13MP कैमरा और 7,000mAh बैटरी मिलती है।