उत्तर प्रदेश विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ और विपक्ष के बीच हंगामा मंगलवार को भी जारी रहा। सदन में वित्तीय वर्ष 2025-26 का अनुपूरक बजट पेश किए जाने के बीच समाजवादी पार्टी के विधायकों ने कफ सिरप मामले को लेकर सरकार पर हमला किया।
सीएम योगी ने विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “देश में दो ‘नमूने’ हैं, जिनमें से एक यहां बैठते हैं।” उनके इस बयान के बाद सपा के विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया। वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस टिप्पणी पर X पर पलटवार किया।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा, “आत्म-स्वीकृति! किसी ने सोचा भी नहीं था कि दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई यहां तक आ जाएगी। संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को लोक-लाज और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। भाजपाई अपनी पार्टी के अंदर की खींचतान को सार्वजनिक रूप से न लाएं। कहीं कोई बुरा मान गया तो फिर पीछे हटना पड़ेगा।”
विश्लेषकों का कहना है कि अखिलेश का यह तंज केंद्र और राज्य सरकार के रिश्तों पर भी इशारा करता है। उन्होंने बीजेपी के अंदर की आंतरिक मतभेदों की तरफ संकेत किया और सीएम योगी के “दो नमूने” वाले बयान को पार्टी के भीतर की लड़ाई से जोड़ा।
सीएम योगी ने कफ सिरप मामले पर भी जवाब देते हुए कहा कि राज्य में इस वजह से किसी की मृत्यु नहीं हुई और आरोपियों के तार समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि समय आने पर बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।









