बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को एक बड़ा चुनावी वादा किया, जो राज्य की राजनीति में बड़ा मोड़ ला सकता है. उन्होंने ऐलान किया कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है, तो हर घर के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी, जहां कोई सरकारी नौकरी नहीं है. तेजस्वी ने वादा किया कि सत्ता में आने के 20 दिन के भीतर इस योजना के लिए नया कानून बनाया जाएगा और 20 महीने के अंदर इसका पूरा क्रियान्वयन किया जाएगा.
पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी ने कहा कि यह उनकी पहली बड़ी घोषणा है, और आने वाले दिनों में ऐसी कई घोषणाएं की जाएंगी. उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता बेरोजगारी भत्ता नहीं, रोजगार देना है. नीतीश सरकार ने सिर्फ वादे किए, हमने काम करके दिखाया. तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “बिहार को अब ऐसा सीएम चाहिए जो गिड़गिड़ाए नहीं, शेर की तरह दहाड़े.” उन्होंने कहा कि पिछले 20 सालों में बिहार को सिर्फ अपराध, भ्रष्टाचार और घोटाले मिले हैं.
तेजस्वी ने दावा किया कि जब वह मुख्यमंत्री बनेंगे, तो बिहार से बेरोज़गारी जड़ से खत्म कर दी जाएगी और हर घर में एक सरकारी नौकरी होगी. उन्होंने 14 नवंबर को “ऐतिहासिक बदलाव का दिन” बताया, जिस दिन चुनाव परिणाम आएंगे. बिहार में दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा और 14 नवंबर को मतगणना होगी.









