भारत आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य परेड में देश की विकास गाथा, सांस्कृतिक विविधता और सैन्य क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया गया। इस साल की परेड में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में इस्तेमाल हुए प्रमुख लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर शामिल रहे। वायुसेना के फाइटर जेट फ्लाई पास्ट में 2 राफेल, 2 मिग-29, 2 सुखोई-30 और 1 जैगुआर विमान ने आसमान में ‘सिंदूर’ फॉर्मेशन बनाकर जनता को मंत्रमुग्ध किया।
इस ऑपरेशन के तहत पिछले साल पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया था। हेलीकॉप्टर फॉर्मेशन में 129 यूनिट के चार Mi-17 1V हेलीकॉप्टरों ने कर्तव्य पथ पर फूलों की पंखुड़ियाँ बरसाईं, जिसका नेतृत्व ग्रुप कैप्टन आलोक अहलावत ने किया। भारतीय सेना और वायु सेना के ALH-WSI और ALH मार्क IV हेलीकॉप्टर भी इस फॉर्मेशन का हिस्सा रहे।









