बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी ने अपने 56वें जन्मदिन के मौके पर फैंस को खास सरप्राइज दिया है। उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘गवर्नर’ का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। इस फिल्म में वे लीड रोल में नजर आएंगे। जारी किए गए पोस्टर में दो तस्वीरें शामिल हैं, जिनमें से एक में एक खाली कुर्सी दिखाई गई है, जिस पर लिखा है— “ये सिर्फ कुर्सी नहीं, जिम्मेदारी है।” साथ ही एक डिस्क्लेमर में लिखा है— “भारत दिवालिया होने की कगार पर है।” दूसरी तस्वीर में मनोज बाजपेयी का बैक व्यू दिखाया गया है, जिसमें वे एक ऑफिस कॉरिडोर में चलते नजर आ रहे हैं, और उस पर लिखा है— “अगर मैं फेल हो गया तो भारत फेल हो जाएगा।”
हालांकि पोस्टर में उनका पूरा लुक रिवील नहीं किया गया है, लेकिन इस रहस्यमयी अंदाज ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म को लेकर फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और इसे लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। ‘गवर्नर’ का निर्माण विपुल अमृतपाल कर रहे हैं, जबकि निर्देशन चिन्मय मांडलेकर कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले मनोज बाजपेयी के साथ ‘इंस्पेक्टर जेंडे’ में काम किया था। फिल्म की कहानी रियल लाइफ घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है, हालांकि यह किस गवर्नर पर आधारित है, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा मनोज बाजपेयी ‘घूसखोर पंडत’ और ‘पुलिस स्टेशन में भूत’ जैसी अन्य फिल्मों में भी नजर आएंगे।









