प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़े बैंक घोटाले की जांच के सिलसिले में ओडिशा के भुवनेश्वर में छापेमारी की है. यह मामला 1,396 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी से जुड़ा है. जांच के दौरान ईडी ने ओडिशा के कारोबारी शक्ति रंजन दाश और उनकी कंपनियों के ठिकानों पर छापा मारा.
इस कार्रवाई में ईडी ने 10 से ज्यादा लग्जरी कारें, 3 महंगी बाइक्स, 1.12 करोड़ के गहने और 13 लाख रुपये नकद जब्त किए. जब्त की गई गाड़ियों में पोर्श कायेन, मर्सिडीज-बेंज GLC, बीएमडब्ल्यू X7, ऑडी A3, मिनी कूपर और होंडा गोल्ड विंग जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं.
यह केस हिमाचल प्रदेश की एक कंपनी इंडियन टेक्नोमैक (ITCOL) से जुड़ा है, जिस पर बैंकों से लिए गए लोन में धोखाधड़ी करने का आरोप है. ईडी के मुताबिक, ITCOL ने फर्जी कंपनियों के जरिए 59.80 करोड़ रुपये शक्ति रंजन दाश की कंपनी के अकाउंट में भेजे थे, जिसे खनन कारोबार में लगाया गया. ईडी ने कहा कि यह पैसा बैंक से लोन लेकर हेराफेरी करके भेजा गया था और दाश ने इस फर्जीवाड़े में जानबूझकर मदद की. फिलहाल मामले की जांच जारी है.









