लंदन स्थित टेक कंपनी Nothing के सब-ब्रांड CMF ने भारत में अपने दो नए प्रोडक्ट लॉन्च करने की तैयारी कर ली है। कंपनी बहुत जल्द CMF Headphone Pro और CMF Watch 3 Pro को भारतीय बाजार में पेश करेगी। लॉन्च डेट अभी सामने नहीं आई है, लेकिन टीज़र से इनके कलर ऑप्शन और प्रीमियम डिजाइन की झलक मिल चुकी है। ये दोनों डिवाइस पहले कुछ विदेशी बाजारों में एंट्री कर चुके हैं और अब भारत में भी इन्हें मिड-रेंज सेगमेंट में उतारे जाने की उम्मीद है।
CMF Headphone Pro ब्रांड का पहला ओवर-ईयर वायरलेस हेडफोन होगा, जिसे लाइट ग्रीन, ब्लैक, व्हाइट/लाइट ग्रे और ऑरेंज जैसे आकर्षक रंगों में लाया जा सकता है। इसमें 40mm ड्राइवर्स के साथ दमदार साउंड आउटपुट मिलेगा और 40dB तक की एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन सपोर्ट होगा। हेडफोन में LDAC और Hi-Res ऑडियो सपोर्ट दिया गया है, जिससे म्यूजिक लवर्स को बेहतर क्वालिटी मिलेगी। बैटरी को लेकर कंपनी का दावा है कि ANC बंद रहने पर यह करीब 100 घंटे और ANC ऑन रहने पर लगभग 50 घंटे तक चल सकता है। USB Type-C फास्ट चार्जिंग और Nothing X ऐप के जरिए कस्टम कंट्रोल्स भी इसमें मौजूद होंगे।
वहीं CMF Watch 3 Pro एक राउंड डायल स्मार्टवॉच होगी, जिसमें 1.43 इंच का AMOLED डिस्प्ले, 60Hz रिफ्रेश रेट और हाई ब्राइटनेस मिलेगी। इसमें हार्ट रेट, स्लीप, SpO₂, स्ट्रेस और मेंस्ट्रुअल ट्रैकिंग जैसे कई हेल्थ फीचर्स के साथ GPS और ब्लूटूथ कॉलिंग सपोर्ट भी दिया जाएगा। खास बात यह है कि इसमें ChatGPT एक्सेस और जेस्चर कंट्रोल जैसे स्मार्ट फीचर्स भी मिल सकते हैं। 350mAh बैटरी के साथ यह लगभग दो हफ्ते तक चलने का दावा करती है। अंतरराष्ट्रीय कीमतों को देखते हुए माना जा रहा है कि भारत में इनकी कीमत करीब 10,000 रुपये के आसपास हो सकती है, जिससे ये Sony और JBL जैसे ब्रांड्स को सीधी टक्कर देंगे।









