Haryana

हरियाणा में LPG-पेट्रोल की कमी नहीं: रोज 2 लाख सिलेंडर सप्लाई—CM सैनी

देश में LPG को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार के हालिया फैसलों के बाद पेट्रोल, डीजल और LPG की कीमतें स्थिर बनी रहेंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैनी ने बताया कि राज्य में 4032 सरकारी पेट्रोल पंप पूरी तरह चालू हैं, जहां रोजाना औसतन 4804 किलोलीटर पेट्रोल और 12003 किलोलीटर डीजल की बिक्री हो रही है। मजबूत सप्लाई चेन के चलते पूरे राज्य में ईंधन की निर्बाध उपलब्धता बनी हुई है।

LPG सप्लाई को लेकर उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रतिदिन लगभग 2 लाख सिलेंडर पहुंच रहे हैं, जिनमें से करीब 1.9 लाख सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जा रहे हैं। कमर्शियल LPG की सप्लाई भी सुचारु है और वर्तमान में लगभग 1.73 लाख सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अस्पतालों, स्कूलों और अन्य आवश्यक संस्थानों में गैस की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। साथ ही कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि पारदर्शिता बनी रहे। नीतिगत सुधारों पर बात करते हुए सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने कमर्शियल LPG के लिए 70% आवंटन का नया ढांचा लागू किया है और आयात पर निर्भरता घटाने के लिए घरेलू उत्पादन को 40% तक बढ़ाया गया है।