National World

पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत में ईंधन और LPG कीमतों में वृद्धि नहीं होगी: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों को लेकर बड़ा बयान दिया है। लखनऊ में आयोजित बीजेपी के वरिष्ठ जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के बावजूद भारत में ईंधन और गैस की कीमतों में किसी भी तरह की बढ़ोतरी नहीं होगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव के चलते कई देशों में ऊर्जा संकट गहरा गया है, लेकिन भारत अपनी मजबूत कूटनीति और नेतृत्व के कारण सुरक्षित स्थिति में है। उन्होंने दावा किया कि भारत के जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजर रहे हैं, जिसका कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के संतुलित संबंध हैं।

उन्होंने विपक्षी आलोचनाओं को खारिज करते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा फैलाए गए “दुष्प्रचार” को जनता ने नकार दिया है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और नीति-निर्णयों को देश की स्थिरता का आधार बताया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का भी जिक्र किया गया। राजनाथ सिंह ने लखनऊ में हुए बदलावों और विकास कार्यों की सराहना की, जबकि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजनाथ सिंह ने शहर को अपनेपन का एहसास कराया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को भी कार्यक्रम में सकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया।