Crime Delhi National

दिल्ली ब्लास्ट केस में NIA की बड़ी कार्रवाई, आतंकी उमर को मदद देने वाला शोएब भी गिरफ्तार

दिल्ली के लाल किला क्षेत्र के पास हुए कार ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ा अपडेट दिया है। एनआईए ने फरीदाबाद के धौज इलाके से शोएब नामक व्यक्ति को दबोचा है। इस मामले में अब तक कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच में सामने आया कि 10 नवंबर को हुए विस्फोट से पहले शोएब ने मुख्य आरोपी आतंकी डॉक्टर उमर उन नबी को ठिकाना उपलब्ध कराया था और उसकी गतिविधियों के लिए जरूरी सहायता भी जुटाई थी। इस हमले में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

इससे पहले एनआईए छह अन्य आरोपियों—आमिर राशिद अली, जासिर बिलाल वानी, डॉ. मुजम्मिल शकील, डॉ. अदील अहमद, डॉ. शाहीन सईद और मुफ्ती इरफान अहमद—को गिरफ्तार कर चुकी है। एजेंसी विभिन्न राज्यों में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर लगातार छापेमारी कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

सूत्रों के अनुसार, शोएब अल-फलाह यूनिवर्सिटी में वार्ड बॉय के रूप में काम करता था और उमर व मुजम्मिल दोनों के संपर्क में था। वह मेवात से मरीजों को उपचार के लिए इनके पास लाता था। जांच में यह भी पाया गया कि शोएब ने उमर को नूंह में अपनी साली के घर ठहराया और कई स्थानों पर छिपने में मदद की। NIA अब इस षडयंत्र के सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।