न्यूज़ फ्लिक्स भारत। उत्तर प्रदेश के कासगंज में 26 जनवरी 2018 को तिरंगा यात्रा के दौरान हुए दंगे में चंदन गुप्ता की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में लखनऊ की एनआईए कोर्ट ने 28 आरोपियों को दोषी ठहराया है. बता दें कि सात सालों तक चली लंबी सुनवाई के बाद आज यानी 3 जनवरी को NIA कोर्ट ने सभी 28 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुना दी है. हालांकि, सबूतों के अभाव में 2 आरोपियों को बरी कर दिया गया है.
आपको बता दें कि 26 जनवरी 2018 को कासगंज में तिरंगा यात्रा के दौरान हिंसा भड़क उठी थी. विश्व हिंदू परिषद और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता तिरंगा और भगवा झंडे के साथ करीब 100 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर यात्रा निकाल रहे थे, जिसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता चंदन गुप्ता भी शामिल थे. यात्रा के दौरान कुछ मुस्लिम युवकों के साथ झड़प हो गई. इस हिंसक झड़प में चंदन गुप्ता को गोली मारकर हत्या कर दी गई. चंदन की मौत के बाद कासगंज में हालात कई दिनों तक खराब थे. कासगंज में करीब एक हफ्ते तक दंगे हुए थे.









