National

भारत-नेपाल के बीच नई बस सेवा से मुक्तिनाथ यात्रा होगी आसान, जानें रूट, समय और किराया

मुक्तिनाथ की तीर्थयात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू हुई है। अब भारत और नेपाल के बीच सीधी बस सेवा शुरू हो गई है, जो नई दिल्ली से नेपाल के बेनी नगर पालिका तक जाएगी। बेनी मुक्तिनाथ का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहां से यात्री स्थानीय वाहन लेकर मंदिर तक तीन से चार घंटे में पहुंच सकते हैं।

नई बस सेवा का उद्घाटन म्याग्दी जिले के बेनी नगर पालिका और भारत के दिल्ली के बीच किया गया। नेपाल की राजधानी काठमांडू के अधिकारियों के अनुसार, इस सेवा को आधुनिक एरा टूर्स एंड ट्रैवल्स और सृष्टि यातायात प्राइवेट लिमिटेड मिलकर चला रहे हैं। काठमांडू की उप मेयर ज्योति लामिछाने ने बताया कि यह पहल भारत और नेपाल के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ने का प्रयास है।

बस सेवा नई दिल्ली से रोज शाम 4:00 बजे रवाना होगी और बेनी में सुबह 6:45 बजे पहुंचेगी। पूरे सफर में लगभग 27 घंटे लगेंगे और यह लगभग 1,400 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। नई दिल्ली से बेनी के लिए किराया ₹3,200 और बेनी से दिल्ली के लिए NPR 5,400 तय किया गया है। बस में 45 यात्री बैठ सकते हैं।

रूट की बात करें तो बस नई दिल्ली से निकलने के बाद आगरा, अयोध्या, भैरहवा, वालिंग और स्यांगजा से होकर बेनी पहुंचेगी। बेनी से मुक्तिनाथ मंदिर तक स्थानीय जीप, टैक्सी या बस सेवा उपलब्ध है। मुक्तिनाथ मंदिर थोरोंग ला दर्रे के पास 3,710 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और इसे दुनिया के सबसे ऊंचे पवित्र स्थलों में गिना जाता है।

अधिकारी मानते हैं कि इस बस सेवा से न केवल तीर्थयात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि दिल्ली जाने वाले नेपाली छात्रों, पेशेवरों और मरीजों को भी मदद मिलेगी। अनुमान है कि सालाना करीब एक लाख भारतीय श्रद्धालु मुक्तिनाथ की यात्रा करते हैं। यात्रियों के लिए पासपोर्ट की आवश्यकता नहीं है, लेकिन वैध पहचान पत्र अनिवार्य है।