Uttar Pradesh

लखनऊ में समता मूलक चौक पर बन सकता है नया फ्लाईओवर, LDA बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पर होगी चर्चा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बढ़ती ट्रैफिक समस्या से राहत दिलाने के लिए एक और फ्लाईओवर के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) 10 मार्च को होने वाली बोर्ड बैठक में गोमती नगर स्थित समता मूलक चौक पर फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे सकता है। प्राधिकरण स्तर पर इसके लिए एजेंडा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दरअसल, दिसंबर में हुई बोर्ड बैठक में एलडीए सदस्य पुष्कर शुक्ला ने समता मूलक चौक पर लगने वाले भीषण जाम का मुद्दा उठाया था। तेजी से विकसित हो रहे इस क्षेत्र में हर दिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे सुबह और शाम के समय लंबा जाम लग जाता है। ऐसे में फ्लाईओवर निर्माण को स्थायी समाधान के रूप में देखा जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा के बाद आगे की कार्यवाही तय की जाएगी। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इस क्षेत्र में आबादी और व्यावसायिक गतिविधियां और बढ़ेंगी, जिससे यातायात दबाव भी बढ़ेगा। ऐसे में फ्लाईओवर बनने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को बड़ी राहत मिल सकती है। वहीं, नगर निगम की कार्यकारिणी और सदन की बैठकें 21 और 22 फरवरी को आयोजित होंगी, जिनमें चालू वित्तीय वर्ष के 2266.24 करोड़ रुपये के पुनरीक्षित बजट और वर्ष 2026-27 के 2278.34 करोड़ रुपये के मूल बजट को मंजूरी दी जाएगी। इन बैठकों के बाद शहर के विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।