National

भारत-सिंगापुर रिश्तों में नई ऊर्जा, PM मोदी और PM वोंग की अहम मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों पर बातचीत की. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और सिंगापुर की साझेदारी सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि साझा मूल्यों और भविष्य की तरक्की पर आधारित है.

आतंकवाद पर एकजुट रुख

बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने आतंकवाद को एक बड़ी चुनौती बताया और कहा कि भारत और सिंगापुर की चिंताएं इस मामले में समान हैं. उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंगापुर द्वारा जताई गई संवेदना के लिए धन्यवाद दिया और आतंक के खिलाफ मिलकर लड़ने की बात कही.

ग्रीन और डिजिटल समुद्री परियोजनाएं

मोदी ने भारत-मुंबई कंटेनर टर्मिनल के दूसरे चरण का उद्घाटन किया और बताया कि ग्रीन और डिजिटल शिपिंग कॉरिडोर पर हुए समझौते से बंदरगाहों की तकनीकी क्षमता और पर्यावरण के अनुकूल ईंधन सप्लाई को बढ़ावा मिलेगा.

टेक्नोलॉजी और इनोवेशन में साझेदारी

दोनों देशों ने एआई (AI), क्वांटम टेक्नोलॉजी और डिजिटल इनोवेशन में सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया. पीएम मोदी ने भारत-सिंगापुर हैकाथॉन और UPI-PayNow लिंक को डिजिटल कनेक्टिविटी की बड़ी कामयाबी बताया.

आर्थिक और इंडस्ट्री सेक्टर में सहयोग

आर्थिक मोर्चे पर पीएम मोदी ने मुक्त व्यापार समझौतों की समीक्षा करने की बात कही ताकि व्यापार और निवेश को बढ़ावा दिया जा सके. उन्होंने सिंगापुर की भूमिका को भारत में उन्नत मैन्युफैक्चरिंग, खासकर चेन्नई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और ग्रीन इंडस्ट्रियल पार्क्स के संदर्भ में अहम बताया.