लोकसभा में 28 जनवरी से सांसदों के लिए नया अटेंडेंस सिस्टम लागू हो जाएगा। इस नए नियम के तहत अब सांसद केवल अपनी निर्धारित सीट पर बैठकर ही हाजिरी दर्ज करवा सकेंगे। लॉबी या सदन के बाहर से हाजिरी दर्ज करने की पुरानी छूट पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने लखनऊ में आयोजित 86वीं अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संसद में सांसदों में अनुशासन और गंभीरता लाने के लिए यह कदम जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि विपक्षी सांसदों द्वारा हंगामा करने और सदन की कार्यवाही रोकने की स्थिति में अब हाजिरी नहीं लग पाएगी। केवल हाउस चल रहा हो तो ही अटेंडेंस दर्ज होगी।
स्पीकर ने यह स्पष्ट किया कि हाजिरी केवल मौजूदगी का सबूत नहीं होगी, बल्कि यह सांसदों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाएगी। इसके लिए लोकसभा कक्ष की हर सीट पर डिजिटल कंसोल लगे हैं, जहां सांसद अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा, ओम बिरला ने पूरे देश की विधानसभाओं और संसद में नियमों व परंपराओं को एकरूप बनाने के लिए कमेटी गठन की जानकारी दी। इसका उद्देश्य अलग-अलग राज्यों की विधानसभाओं में समानता लाना और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का विश्वास बढ़ाना है।









