Technology

नया आधार ऐप लॉन्च: घर बैठे आसानी से होंगे कई काम

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) और MeitY द्वारा विकसित नए आधार ऐप का फुल वर्जन आज, 28 जनवरी को लॉन्च किया जाएगा। केंद्रीय रेल एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव और MeitY राज्य मंत्री जितिन प्रसाद  इस ऐप को लॉन्च करेंगे। लॉन्चिंग कार्यक्रम UIDAI के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। इस नए ऐप में पुराने mAadhaar ऐप की तुलना में कई नए और उपयोगी फीचर्स शामिल हैं। अब यूजर्स घर बैठे कई काम कर सकेंगे, जैसे कि आधार से लिंक मोबाइल नंबर बदलना, पता अपडेट करना, और मल्टीपल प्रोफाइल जोड़ना।

ऐप में बायोमेट्रिक लॉक, वर्चुअल आधार आईडी और ऑफलाइन डिजिटल वेरिफिकेशन जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं। UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार के मुताबिक, नया आधार ऐप ऑफलाइन वैरिफिकेशन को बढ़ावा देगा और पहचान सत्यापन को सुरक्षित, सुविधाजनक और गोपनीय बनाएगा। ऐप को गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकेगा। इस नए ऐप के लॉन्च से अब आधार से जुड़े कई काम केंद्र जाने के बिना घर बैठे ही पूरे किए जा सकेंगे, जिससे यूजर्स की सुविधा और सुरक्षा दोनों बढ़ेंगी।