World

नेपाल चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की बड़ी बढ़त, बालेंद्र शाह आगे

नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव की मतगणना जारी है और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। अब तक 86 सीटों पर बढ़त के साथ पार्टी ने बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है। झापा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 5 में शुरुआती रुझानों के अनुसार RSP के उम्मीदवार और Gen-Z फेवरेट बालेंद्र शाह आगे चल रहे हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को काफी पीछे छोड़ दिया है।

कोसी, मधेश, बागमती और लुम्बिनी सहित अधिकांश प्रांतों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने बढ़त बनाए रखी है। कमल ग्रामीण नगरपालिका के बसबारी स्कूल मतदान केंद्र और गौरादहा ग्रामीण नगरपालिका के मोती स्कूल मतदान केंद्र में 1,400 मतों में से बालेंद्र शाह को 814 वोट मिले, जबकि सीपीएन-यूएमएल के उम्मीदवार केपी शर्मा ओली को 384 वोट मिले।

नेपाल चुनाव आयोग ने बताया कि मतगणना गुरुवार देर रात से शुरू हुई थी और पहले 24 घंटे में 165 सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए। पहाड़ी क्षेत्रों से मतपेटियों को केंद्रों तक लाने में समय लगने के कारण बाकी सीटों के परिणाम बाद में जारी होंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने उम्मीद जताई कि इस बार मतदान प्रतिशत 65 प्रतिशत से अधिक रहने की संभावना है।

गुरुवार को नेपाल में 77 जिलों में 23,000 मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक हुआ। यह पिछले साल सितंबर में हुए जेन-जी आंदोलन के बाद पहला आम चुनाव है। इस चुनाव में 18,903,689 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें अधिकांश 41 वर्ष से ऊपर के हैं। कुल 165 सांसद ‘फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट’ प्रणाली से चुने जाएंगे, जबकि 110 सीटें आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली से भरी जाएंगी। यह चुनाव जेन-जी आंदोलन के बाद नेपाल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अहम कसौटी माना जा रहा है।