Technology World

नासा-इसरो का NISAR सैटेलाइट दिखा रहा धरती की सबसे साफ तस्वीरें

नासा और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का संयुक्त मिशन निसार (NISAR) अब धरती की निगरानी में नया इतिहास रच रहा है। यह अत्याधुनिक पृथ्वी-अवलोकन उपग्रह अमेरिका और भारत के बीच अंतरिक्ष विज्ञान में लंबे सहयोग का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। हाल ही में नासा ने निसार से ली गई उच्च-रिज़ॉल्यूशन रडार तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें अमेरिका के दक्षिणपूर्वी लुइसियाना के मिसिसिपी नदी डेल्टा क्षेत्र को बेहद स्पष्टता से कैद किया गया है। इन तस्वीरों में शहरी इलाके, आर्द्रभूमि, जंगल और कृषि भूमि के सूक्ष्म विवरण तक साफ दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, तस्वीर में लेक पोंटचार्ट्रेन कॉज़वे पुल भी स्पष्ट नजर आ रहा है, जो करीब 39 किलोमीटर लंबा है और पानी के ऊपर बना दुनिया का सबसे लंबा निरंतर पुल माना जाता है।

कैसे काम करता है NISAR?

निसार सैटेलाइट में लगा एल-बैंड रडार माइक्रोवेव तरंगों पर काम करता है। करीब 24 सेंटीमीटर लंबी ये तरंगें बादलों को बिना रुकावट पार कर जमीन, पेड़, इमारतों और पानी की सतह से टकराकर वापस सैटेलाइट तक पहुंचती हैं। इसी डेटा से सटीक और रंगीन नक्शे तैयार किए जाते हैं। इस सैटेलाइट को 30 जुलाई 2025 को श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया गया था।

क्यों खास है ये मिशन?

नासा के मुताबिक, निसार का डेटा आपदा प्रबंधन, खेती और फसल निगरानी, जंगलों और वेटलैंड्स की सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति की जांच जैसे क्षेत्रों में बेहद कारगर साबित होगा। यह सैटेलाइट हर 12 दिन में दो बार पूरी धरती की सतह, पहाड़ों और बर्फीले इलाकों की निगरानी करता है, जिससे वैज्ञानिकों और नीति-निर्माताओं को सटीक जानकारी मिलती है।