Delhi

नमो भारत ट्रेन रूट: 286 परिवार होंगे विस्थापित, घर-दुकान और धार्मिक स्थल टूटेंगे

एनसीआर को तेज और आधुनिक परिवहन सुविधा देने के उद्देश्य से प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन परियोजना अब विवादों में घिरती नजर आ रही है। गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा होते हुए ग्रेटर नोएडा तक प्रस्तावित इस रूट के निर्माण से 286 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। यह खुलासा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) की सामाजिक-आर्थिक सर्वे रिपोर्ट में हुआ है।

रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेन का रूट गुरुग्राम के इफको चौक से शुरू होकर घनी आबादी वाले इलाकों से गुजरेगा। इसके चलते 286 मकान और दुकानें तोड़ी जाएंगी जबकि 13 धर्मशालाएं और धार्मिक स्थल भी परियोजना की जद में आएंगे। प्रभावित परिवारों में करीब 1255 लोग वर्तमान में रह रहे हैं।

तोड़फोड़ की खबरों से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि वे विकास के खिलाफ नहीं हैं लेकिन पुनर्वास और मुआवजे को लेकर अब तक कोई स्पष्ट योजना नहीं बताई गई है। वहीं, एनसीआरटीसी का कहना है कि परियोजना क्षेत्रीय विकास के लिए जरूरी है और प्रभावित परिवारों को नीति के तहत मुआवजा व पुनर्वास दिया जाएगा। फिलहाल लोग ठोस भरोसे का इंतजार कर रहे हैं।