Lifestyle

पहाड़ियों और झीलों के बीच नैनीताल में बन रहा ड्रीम वेडिंग स्पॉट

उत्तराखंड की नैनीताल अब केवल पर्यटन का केंद्र नहीं बल्कि डेस्टिनेशन वेडिंग का भी पसंदीदा शहर बन गया है। झीलों, हरे-भरे पहाड़ों और शांत वातावरण के कारण यह जगह शादी करने वालों के लिए आदर्श बनती जा रही है। नैनीताल की खूबसूरत झीलें और हरियाली शादी समारोह के लिए एक रोमांटिक और मनमोहक पृष्ठभूमि तैयार करती हैं। पुराने ब्रिटिशकालीन भवन और नक्काशीदार इमारतें शहर की खूबसूरती में चार चाँद लगा देती हैं। पिछले कुछ वर्षों में कई हाई-प्रोफाइल और प्राइवेट वेडिंग्स यहां आयोजित हुई हैं, जिससे होटल उद्योग को नई दिशा मिली है और पर्यटन को भी मजबूती मिली है।

स्थानीय होटल मालिक बताते हैं कि नैनीताल में हर साल औसतन 10 से 15 डेस्टिनेशन वेडिंग आयोजित होती हैं। एक औसत शादी में लगभग 100 से 150 मेहमान शामिल होते हैं। होटल में मेहमानों को शानदार सुविधाएं और स्वादिष्ट भोजन मिलता है, जिससे शादी का अनुभव यादगार बनता है। शहर की प्राकृतिक सुंदरता और ठंडी, रोमांटिक फिजा हर कपल के लिए खास बनाती है। डेस्टिनेशन वेडिंग से केवल होटल व्यवसाय को लाभ नहीं होता बल्कि स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलता है। शादी में आए लोग नैनीताल की खूबसूरती देखकर बार-बार लौटने का मन बनाते हैं और आसपास के दर्शनीय स्थलों का आनंद भी लेते हैं।

नैनीताल में 40-45 कमरों वाले होटल में 100-150 मेहमानों के लिए डेस्टिनेशन वेडिंग का औसत खर्च लगभग 18 से 20 लाख रुपये होता है। हालांकि, होटल की सुविधाओं, गेस्ट की संख्या और अन्य विकल्पों के अनुसार यह खर्च कम या ज्यादा हो सकता है। होटल व्यवसायियों का मानना है कि सरकार को नैनीताल को डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए प्रमोट करना चाहिए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले और शहर की आर्थिक स्थिति में सुधार हो। नैनीताल की झीलों और पहाड़ियों से घिरी वादियां अब केवल सैर-सपाटे का नहीं, बल्कि शादी के खास अवसरों का भी परफेक्ट मंच बन गई हैं।