बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने आगामी आईपीएल सीजन से कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा रिलीज किए जाने पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव के बीच बीसीसीआई ने केकेआर को निर्देश दिया था कि वह मुस्तफिजुर को टीम से रिलीज करे, जिसके बाद फ्रेंचाइजी ने यह कदम उठाया। बांग्लादेशी मीडिया से बातचीत में मुस्तफिजुर ने निराशा जाहिर करते हुए कहा कि यदि फ्रेंचाइजी उन्हें रिलीज करती है, तो वह इसमें कुछ नहीं कर सकते।
केकेआर ने पिछले महीने हुई नीलामी में मुस्तफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स से कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद केकेआर उन्हें अपनी टीम में शामिल करने में सफल रही थी। हालांकि, हालिया घटनाक्रम के बाद बीसीसीआई ने सुरक्षा और द्विपक्षीय संबंधों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ने पर केकेआर को मुस्तफिजुर के स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल करने की अनुमति दी जाएगी। वहीं केकेआर ने भी बयान जारी कर कहा कि उसने पूरी प्रक्रिया और परामर्श के बाद बोर्ड के निर्देशों का पालन किया है। उल्लेखनीय है कि मुस्तफिजुर 2016 से कई आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं और केकेआर के साथ यह उनका पहला सीजन होने वाला था।









