मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा (PCS) 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए प्रशासनिक, पुलिस और अन्य अहम विभागों में कुल 155 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि इस बार प्रारंभिक परीक्षा में पहली बार नेगेटिव मार्किंग लागू की गई है।
PCS 2026 के तहत डिप्टी कलेक्टर (SDM), डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP), नायब तहसीलदार, विकास खंड अधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती होगी। कुल पदों में सबसे अधिक 39 पद विकास खंड महिला सशक्तिकरण अधिकारी के हैं। इसके अलावा DSP के 18, अपर कलेक्टर के 17, सहकारिता विस्तार अधिकारी के 16 और अतिरिक्त सहायक विकास आयुक्त के 15 पद शामिल हैं।
आवेदन प्रक्रिया 10 जनवरी 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 9 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में सुधार के लिए 15 जनवरी से 11 फरवरी 2026 तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी। चयन प्रक्रिया तीन चरणों—प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार—में पूरी होगी। प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी।
आवेदन शुल्क की बात करें तो मध्य प्रदेश के SC, ST, OBC, EWS और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये, जबकि अन्य श्रेणियों और राज्य से बाहर के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये तय किया गया है। इच्छुक उम्मीदवार तय समय सीमा में MPPSC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।









