Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश में 68 करोड़ ई-मेल और पासवर्ड लीक,  साइबर पुलिस ने जारी किया बड़ा अलर्ट

मध्य प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच एमपी स्टेट साइबर पुलिस ने देशभर के लोगों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। पुलिस के अनुसार करीब 68 करोड़ ई-मेल आईडी और पासवर्ड लीक होने की आशंका है। इससे सोशल मीडिया अकाउंट, इंटरनेट बैंकिंग, डिजिटल वॉलेट और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म खतरे में पड़ सकते हैं। साइबर पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर किसी का ई-मेल अकाउंट हैक हो जाता है तो अपराधी उससे जुड़े सभी प्लेटफॉर्म तक आसानी से पहुंच बना सकते हैं। इसलिए लोगों को तुरंत अपने ई-मेल और सोशल मीडिया अकाउंट के पासवर्ड बदलने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA/OTP) चालू रखने और हर प्लेटफॉर्म के लिए अलग और मजबूत पासवर्ड इस्तेमाल करने पर जोर दिया है। इसके अलावा, लोग “Have I Been Pwned” वेबसाइट पर जाकर यह जांच सकते हैं कि उनका ई-मेल किसी डेटा लीक का हिस्सा तो नहीं है। साइबर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह चेतावनी डराने के लिए नहीं, बल्कि बढ़ते साइबर ठगी और डेटा चोरी के मामलों के मद्देनज़र सतर्क रहने के लिए जारी की गई है।