मुरादाबाद बना देश का पहला 3D होलोग्राफिक प्रोजेक्टर ट्रायल स्थल, जल्द होगा उद्घाटन

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद शहर ने एक नया इतिहास रचते हुए देश के पहले 3D होलोग्राफिक प्रोजेक्टर का सफल ट्रायल पूरा कर लिया है। यह ट्रायल थाना सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित कंपनी बाग पार्क में रविवार को आयोजित किया गया। मुरादाबाद नगर निगम द्वारा यह प्रोजेक्ट शुरू किया गया है, जिसे शहरवासियों के लिए एक बड़ी तकनीकी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।

क्या हुआ ट्रायल शो में?

ट्रायल शो में मुरादाबाद शहर के इतिहास, सांप्रदायिक एकता, और स्थानीय संस्कृति को प्रस्तुत किया गया। शो की तकनीक और अनुभव को देखकर दर्शक उत्साहित नजर आए। नगर निगम के मुताबिक, बहुत जल्द इस 3D शो में “ऑपरेशन सिंदूर” और भारतीय सेना के शौर्य पर भी विशेष कार्यक्रम दिखाए जाएंगे।

5D मोशन थिएटर भी तैयार

मुरादाबाद में उत्तर प्रदेश का दूसरा 5D मोशन थिएटर भी बनकर तैयार हो गया है। यह थिएटर और 3D होलोग्राफिक प्रोजेक्टर दोनों ही जल्द मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा उद्घाटन कर जनता को समर्पित किए जाएंगे।

कितना होगा टिकट का दाम?

शहरवासी इन सुविधाओं का लाभ 75 से 100 रुपये की टिकट दर पर उठा सकेंगे। नगर निगम ने इसे एक प्रेरणादायक और शैक्षणिक अनुभव बनाने का लक्ष्य रखा है।

क्या है 3D होलोग्राफिक टेक्नोलॉजी?

3D होलोग्राफिक तकनीक लेजर किरणों और प्रकाश तरंगों की मदद से तीन आयामी छवियां (3D Images) बनाती है, जो हवा में तैरती हुई प्रतीत होती हैं। इसे ऑप्टिकल होलोग्राफी के माध्यम से विकसित किया जाता है, जिससे दर्शक वस्तु को विभिन्न कोणों से देख सकते हैं – यह अनुभव बेहद रियल और प्रभावशाली होता है।

मुरादाबाद को आधुनिक बनाने की दिशा में कदम

महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि यह पहल मुरादाबादवासियों को अन्य शहरों में जाने से रोकने और बाहर से पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए की गई है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा कि शहर को आधुनिक और सुविधा-सम्पन्न बनाने के लिए कई अनूठी परियोजनाएं लागू की जा रही हैं, जो मुरादाबाद को उत्तर प्रदेश में एक मॉडल शहर के रूप में स्थापित करेंगी।

error: Content is protected !!