इस बार देश में मानसून जल्दी दस्तक दे सकता है . मंगलवार को मौसम विभाग ने जानकारी दी की दक्षिण-पश्चिम मॉनसून, बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भाग, अंडमान सागर के दक्षिणी भाग, निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के उत्तरी भाग के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने पिछले दो दिनों में निकोबार द्वीपसमूह में हुई मध्यम से भारी वर्षा का हवाला देते हुए बताया कि इस अवधि में बंगाल की खाड़ी के दक्षिण, निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर के ऊपर पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ा है।
जानकारी के अनुसार 01 जून से पहले, 27 मई को केरल पहुंचने की संभावना जताई गई है। यदि यह पूर्वानुमान सही साबित होता है, तो 2009 के बाद यह पहला मौका होगा जब मॉनसून भारतीय भूमि पर समय से पहले दस्तक देगा। 2009 में मॉनसून 23 मई को केरल में शुरू हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की शुरुआत हो चुकी है, जिसके बाद अब धीरे-धीरे यह देश के बाकी हिस्सों की तरफ बढ़ेगी। इससे दक्षिण भारत और उसके बाद पूर्वी और मध्य भारत में बारिश का मौसम शुरू हो जाएगा।
