देश में इस बार मानसून के समय से पहले एंट्री हो चुकी है . बता दें कि केरल में मॉनसून की एंट्री होने के बाद इसका असर अब देश के अन्य हिस्सों में भी दिखने लगा है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों के लिए चेतावनी जारी की है। मुंबई में फिलहाल मौसम सामान्य है। बारिश थमी हुई है और जलभराव की कोई स्थिति नहीं है। हालांकि, कोल्हापुर में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि पुणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और सतारा में ऑरेंज अलर्ट जारी है। इसके अलावा राज्यभर में येलो अलर्ट जारी किया गया है .
मुंबई के आसपास के क्षेत्रों जैसे वसई-विरार, पालघर, कल्याण, और डोंबिवली में स्थिति सामान्य बनी हुई है। कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ग्रामीण इलाकों में किसानों के नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि किसानों को नुकसान की भरपाई की जाएगी।









