World

मोदी–पुतिन सेल्फी पर अमेरिका में हंगामा, डेमोक्रेट्स ने ट्रंप की विदेश नीति पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कार में ली गई सेल्फी ने भारत में ही नहीं, बल्कि अमेरिकी राजनीति में भी हलचल मचा दी है। यह तस्वीर अमेरिकी कांग्रेस में विदेश नीति पर जारी बहस के दौरान मुख्य मुद्दा बन गई। डेमोक्रेटिक सांसदों ने इस फोटो का उपयोग करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विदेश नीति पर तीखा हमला बोला।

कांग्रेस की सुनवाई में डेमोक्रेट सांसद सिडनी कमलागेर-डोव ने मोदी–पुतिन की सेल्फी और मोदी–पुतिन–जिनपिंग की तस्वीर वाला पोस्टर दिखाते हुए आरोप लगाया कि ट्रंप प्रशासन की नीतियाँ भारत और रूस को और नजदीक ला रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत के प्रति ट्रंप सरकार का रवैया “अपनी ही नाक काटने” जैसा है, जो दशकों से चले आ रहे भरोसे को नुकसान पहुँचा रहा है।

कमलागेर-डोव ने जोर देकर कहा कि व्हाइट हाउस की दबाव वाली रणनीति अमेरिका के महत्वपूर्ण साझेदारों को उसके विरोधियों की ओर धकेल रही है, जिससे अमेरिकी हितों को गहरा नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह पोस्टर स्वयं यह दिखाने के लिए काफी है कि गलत कूटनीति क्या परिणाम ला सकती है। महिला सांसद ने चेतावनी दी कि भारत जैसे साझेदार देशों को मजबूर करने की नीति की भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है, और पूरी अमेरिकी संसद को मिलकर भारत–अमेरिका संबंधों को सुधारने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए।