महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में मंगलवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप सुबह करीब 6 बजे से पहले आया, जब अधिकांश लोग सो रहे थे। झटके महसूस होते ही कुछ इलाकों में लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए, हालांकि किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। एनसीएस के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई और इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
कम गहराई वाले भूकंप आमतौर पर ज्यादा महसूस होते हैं, लेकिन 3.5 तीव्रता का भूकंप हल्की श्रेणी में आता है, जिससे इमारतों को बड़े नुकसान की आशंका कम रहती है। इससे पहले, गुजरात के कच्छ जिले में भी शुक्रवार तड़के 4.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिससे लोगों में दहशत फैल गई थी। हालांकि वहां भी किसी के हताहत होने या संपत्ति के बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई। फिलहाल, महाराष्ट्र प्रशासन ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।









