National

मिडिल ईस्ट तनाव का असर: दिल्ली से 80 उड़ानें रद्द, फंसे यात्रियों के लिए विशेष फ्लाइट्स शुरू

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव का असर अब हवाई सेवाओं पर साफ दिखाई दे रहा है। पश्चिम एशिया में कई हवाई क्षेत्र बंद होने से हजारों यात्री, जिनमें बड़ी संख्या में भारतीय शामिल हैं, दुबई और अन्य शहरों में फंसे हुए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से सोमवार को कुल 80 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 36 आगमन और 44 प्रस्थान उड़ानें शामिल हैं।

स्पाइसजेट ने 3 मार्च को 14 उड़ानें रद्द कीं। इनमें दिल्ली, मुंबई, पुणे, अमृतसर, मदुरई और कालीकट से दुबई जाने वाली और दुबई से भारत आने वाली कई सेवाएं शामिल रहीं। 4 मार्च को भी दुबई-जयपुर और दुबई-पुणे उड़ानें रद्द की गई हैं।

वहीं, इंडिगो ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए जेद्दा से 3 मार्च को चार विशेष उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है। ये उड़ानें मुंबई, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए होंगी, ताकि पहले से बुकिंग वाले यात्री यात्रा कर सकें। अकाशा एयर भी 3 और 4 मार्च को जेद्दा के लिए छह उड़ानें संचालित करेगी।

हालांकि, अबू धाबी, दोहा, कुवैत और रियाद की उड़ानें 4 मार्च तक निलंबित रहेंगी। भारतीय एयरलाइंस ने 28 फरवरी से तीन दिनों में कुल 1,117 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं, जबकि सोमवार को ही 357 अंतरराष्ट्रीय सेवाएं प्रभावित रहीं। एयरलाइंस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।