उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान करते हुए मोहम्मदी तहसील के मियांपुर गांव का नाम बदलकर ‘रविंद्र नगर’ करने की घोषणा की। यह घोषणा शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अब बांग्लादेश से विस्थापित होकर यहां बसे बंगाली हिंदू परिवारों को भूमि का मालिकाना हक भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि अब इन परिवारों को न केवल पहचान मिलेगी, बल्कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी पूरा लाभ दिया जाएगा।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि पहले गांव का नाम ‘मियांपुर’ रखकर लोगों की पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी, जबकि यहां मुस्लिम आबादी नहीं है। उन्होंने कहा कि अब इस गांव को रवींद्रनाथ टैगोर के नाम पर ‘रविंद्र नगर’ के रूप में नई पहचान दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को भूमि अधिकार पत्र भी वितरित किए। इस दौरान सभा में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाए। सरकार का कहना है कि यह कदम न केवल ऐतिहासिक न्याय की दिशा में है, बल्कि क्षेत्र के विकास और सामाजिक पहचान को मजबूत करने का प्रयास भी है।









