Delhi

मेरठ से दिल्ली 60 मिनट में: पीएम मोदी दिखाएगे ‘नमो भारत’ कॉरिडोर को हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ (मोदीपुरम) तक चलने वाली देश की सेमी हाई-स्पीड ट्रेन ‘नमो भारत’ (RRTS) का शुभारंभ करेंगें। 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर अब सफर महज 55 से 60 मिनट में पूरा होगा। इस सेवा के शुरू होने से एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी पहले से कहीं अधिक तेज और सुगम होगी।

यह ट्रेन दिल्ली के सराय काले खां, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार से होते हुए उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मेरठ साउथ और अंत में मोदीपुरम तक पहुंचेगी। मेरठ शहर के भीतर यह सेवा मेरठ दक्षिण, परतापुर, रिठानी, शताब्दीनगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगम पुल, एमईएस कॉलोनी, दौरली, मेरठ उत्तर और मोदीपुरम डिपो तक विस्तारित होगी, जिससे शहर के भीतर भी बेहतर आवागमन संभव होगा। नमो भारत ट्रेन की अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा है और इसे ऑल-वेदर डिजाइन के साथ तैयार किया गया है, ताकि हर मौसम में सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित हो सके। इस सेवा का उपयोग अब तक 1.25 करोड़ से अधिक यात्री कर चुके हैं, जो इसकी लोकप्रियता और उपयोगिता को दर्शाता है।

दिल्ली का सराय काले खां स्टेशन इस कॉरिडोर का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण स्टेशन है। 215 मीटर लंबा, 50 मीटर चौड़ा और 15 मीटर ऊंचा यह स्टेशन 6 प्लेटफॉर्म और 4 ट्रैक से सुसज्जित है। यहां 5 एंट्री-एग्जिट गेट, 14 लिफ्ट, 18 एस्केलेटर, 6 ट्रैवलेटर और आधुनिक सीसीटीवी सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसे मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां से मेट्रो, बस और रेलवे की कनेक्टिविटी मिलेगी। भविष्य में यह स्टेशन दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-एसएनबी-अलवर कॉरिडोर से भी जुड़ेगा।

इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा का समय काफी घट गया है। अब दिल्ली के कुछ इलाकों से गुरुग्राम या नोएडा पहुंचने में जितना समय लगता है, उससे कम समय में मेरठ पहुंचा जा सकेगा। इससे रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।