थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक लोकप्रिय लाइव म्यूजिक पब में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हाल के वर्षों में बैंकॉक में आग लगने की यह सबसे गंभीर घटनाओं में से एक मानी जा रही है। यह हादसा रात करीब 12:02 बजे ‘ना लाडप्राओ’ नाम के रेस्तरां और लाइव म्यूजिक पब में हुआ। उस समय 300 से अधिक लोगों की क्षमता वाला हॉल लगभग पूरी तरह भरा हुआ था। आग लगने के कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में घना धुआं फैल गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुटिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर 27 लोगों की मौत की पुष्टि की। मृतकों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, अधिकांश लोगों की मौत आग की लपटों से नहीं बल्कि धुएं में दम घुटने के कारण हुई। जान बचाने के लिए कई लोग पब के पिछले हिस्से में बने टॉयलेट की ओर भागे, लेकिन वहां से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था, जिससे कई लोग अंदर ही फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धुआं इतनी तेजी से फैला कि लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। कई शव फायर एग्जिट के पास मिले हैं। प्रशासन यह जांच कर रहा है कि कहीं आपातकालीन निकास मार्ग किसी सामान से अवरुद्ध तो नहीं था।
दमकल विभाग ने बताया कि सूचना मिलने के पांच मिनट के भीतर बचाव दल मौके पर पहुंच गया था, लेकिन तब तक आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी। अंदर फैले धुएं, अत्यधिक गर्मी और रास्ते में रखे फर्नीचर के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आग लगने के कारणों की जांच जारी है। एक बैंड सदस्य के अनुसार, हादसे से पहले अचानक बिजली गुल हुई, फिर स्टेज के पास स्थित सर्किट ब्रेकर से धुआं निकला और तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग फैल गई। इस घटना के बाद थाईलैंड में बार और नाइट क्लबों की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।


