Maharashtra

मनोज जरांगे का अनशन जारी, हाई कोर्ट ने आजाद मैदान खाली करने का आदेश दिया

मराठा आरक्षण की मांग को लेकर नेता मनोज जरांगे पाटिल मुंबई के आजाद मैदान में पिछले 5 दिनों से आमरण अनशन पर हैं. हालांकि मंगलवार को उन्होंने पानी पी लिया, लेकिन अनशन जारी रखा है. बॉम्बे हाई कोर्ट ने आंदोलनकारियों को आज दोपहर 3 बजे तक मैदान खाली करने का आदेश दिया है. कोर्ट ने कहा कि प्रदर्शन की इजाजत 5,000 लोगों के लिए थी, लेकिन 60,000 से ज्यादा लोग जमा हो गए, जिससे शहर में अव्यवस्था फैल गई.

मनोज जरांगे ने साफ किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे मुंबई नहीं छोड़ेंगे. उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा कि कोई कानून नहीं तोड़ा गया है. जरांगे सरकार से आरक्षण देने और मराठा समुदाय को कुनबी का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं.

पुलिस ने जरांगे को नोटिस भेजकर आजाद मैदान खाली करने को कहा है. वहीं, आंदोलनकारियों ने सड़कों और कचरे की साफ-सफाई खुद की है और भोजन की व्यवस्था भी अपने स्तर पर कर रहे हैं। मुंबई में अब ट्रैफिक की स्थिति सामान्य हो रही है, लेकिन हाई कोर्ट की चेतावनी के बाद पुलिस कार्रवाई की संभावना बनी हुई है.