National Politics

मणिपुर को मिला नया नेतृत्व, युमनाम खेमचंद सिंह संभालेंगे मुख्यमंत्री पद

मणिपुर की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। बीजेपी विधायक दल ने युमनाम खेमचंद सिंह को सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया है और वे आज शाम राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ नेमचा किपगेन और लोसी दिखाओ उपमुख्यमंत्री पद संभालेंगे, जबकि गोविंद दास को गृह मंत्री की जिम्मेदारी दिए जाने की तैयारी है।

सिंगजामेई सीट से विधायक खेमचंद सिंह पेशे से इंजीनियर रहे हैं और बीरेन सिंह सरकार में नगर प्रशासन व आवास मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। संगठन और संघ से करीबी रिश्तों के कारण वे लंबे समय से पार्टी में प्रभावशाली माने जाते हैं। 2022 में भी उन्हें मुख्यमंत्री पद का मजबूत दावेदार माना गया था।

राज्य में राष्ट्रपति शासन हटाने की प्रक्रिया के साथ नई सरकार गठन की कवायद तेज हुई। विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुग की मौजूदगी में उनका चयन हुआ। गौरतलब है कि मई 2023 की जातीय हिंसा के बाद राज्य में राजनीतिक अस्थिरता बनी रही। 60 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी और उसके सहयोगियों के पास बहुमत है, जिससे नई सरकार के स्थिर रहने की उम्मीद जताई जा रही है।