Delhi

दिल्ली के ली मेरिडियन होटल की 12वीं मंजिल से कूदकर व्यक्ति ने की आत्महत्या

दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने होटल की 12वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी, जिससे होटल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान परविंदर सिंह (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राजेंद्र नगर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे घटना की सूचना मिली। परविंदर सिंह पहले होटल में ठहरे थे और आज दोपहर होटल के भीतर जाकर लिफ्ट से 12वीं मंजिल पर पहुंचे, जहां से उन्होंने छलांग लगा दी।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि हाल के महीनों में दिल्ली में आत्महत्या के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। नवंबर 2025 में राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन पर एक छात्र द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर जान देने का मामला भी सामने आया था, जिसकी जांच अभी जारी है।