मालदीव के राष्ट्रपति मुइज़्जू का सख्त संदेश, संप्रभुता से कोई समझौता नहीं

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्जू ने शनिवार को देश की संप्रभुता और आत्मनिर्भरता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उनकी सरकार की नीति स्पष्ट है किसी भी देश को मालदीव के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मालदीव के लोग अपने देश की एक-एक इंच ज़मीन की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं। राष्ट्रपति मुइज़्जू मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित एक संयुक्त समारोह में मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल (MNDF) और मालदीव पुलिस सेवा (MPS) को संबोधित कर रहे थे। यह मालदीव के इतिहास में पहला मौका था जब राष्ट्रपति ने इन दोनों बलों को एक साथ किसी कार्यक्रम में संबोधित किया।

इस विशेष अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे, जो मालदीव की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं। उन्हें समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। राष्ट्रपति मुइज़्जू ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रखा गया है, हालांकि इस पर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने मालदीव के विशाल समुद्री क्षेत्र की सुरक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि कम आबादी होने के बावजूद, देश के नागरिक स्वयं अपनी मातृभूमि की रक्षा और सुरक्षा की ज़िम्मेदारी निभाने को तैयार हैं।

error: Content is protected !!