मलयालम फिल्म और टीवी इंडस्ट्री का उभरता हुआ कलाकार हरि मुरली अब हमारे बीच नहीं रहे। 27 साल की उम्र में उनका शव केरल के पय्यानूर स्थित घर में पाया गया। घटना के तुरंत बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। हरि मुरली ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत महज 4 साल की उम्र में की थी। उनके पिता के.यू. मुरली (पय्यानूर मुरली) थियेटर और फिल्म जगत के जाने-माने नाम हैं।
हरि ने बाल कलाकार के रूप में मलयालम फिल्म ‘रसिकन’ से बड़े पर्दे पर कदम रखा और इसके बाद ‘अन्नन थम्बी’, ‘मादम्पी’, ‘डॉन’, ‘पट्टनाथिल भूथम’ और ‘उलगम चुट्टम वलीबन’ जैसी फिल्मों में काम किया। टीवी इंडस्ट्री में भी हरि लोकप्रिय थे। उन्होंने करीब 40 टीवी सीरियल्स में काम किया, जिनमें ‘कुट्टीचाथन’ और ‘कयमकुलम कोचुन्नी’ शामिल हैं। उनकी सादगी और अभिनय शैली दर्शकों के बीच उन्हें खास बनाती थी। उनके परिवार में पिता के.यू. मुरली, माता प्रसन्ना और भाई श्रीमुरली हैं। इतनी कम उम्र में एक प्रतिभाशाली कलाकार का जाना मलयालम फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है।









