Uttar Pradesh

नोएडा में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: ATS ने पाकिस्तान-लिंक्ड नेटवर्क के 5 आरोपी दबोचे

नोएडा में एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश हुआ है, जिसे उत्तर प्रदेश ATS ने समय रहते नाकाम कर दिया। जांच एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क के इशारे पर दिल्ली-एनसीआर में दहशत फैलाने की योजना बनाई जा रही थी। इस मामले में ATS ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर गंभीर आरोप हैं। सूत्रों के मुताबिक, इन आरोपियों के निशाने पर नोएडा स्थित बीजेपी कार्यालय, अस्पताल, स्कूल और कुछ अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठान थे। योजना के तहत इन जगहों पर बड़े पैमाने पर हमला कर इलाके में दहशत फैलाने की तैयारी की जा रही थी।

जांच में यह भी सामने आया है कि हथियार और विस्फोटक सामग्री पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब के रास्ते भारत में पहुंचाई जानी थी। इसके बाद इन सामग्रियों का इस्तेमाल नोएडा में हमले को अंजाम देने के लिए किया जाना था। हालांकि, ATS ने समय रहते कार्रवाई करते हुए इस पूरी साजिश को विफल कर दिया। पहली गिरफ्तारी 23 अप्रैल को नोएडा के सेक्टर-126 थाना क्षेत्र से तुषार चौहान और समीर खान की हुई थी। इनसे पूछताछ के आधार पर 27 मई को सहारनपुर से महकाब शाहरुख, गगनदीप उर्फ गुरु और मुशर्रफ को भी गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियों का दावा है कि सभी आरोपी पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क और कुछ संदिग्ध गिरोहों के संपर्क में थे।

ATS के अनुसार, आरोपियों के पास से अभी तक कोई हथियार या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है, क्योंकि उन्हें सामग्री मिलने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल डेटा और नेटवर्क कनेक्शन की गहन जांच की जा रही है। ATS ने इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट लखनऊ मुख्यालय भेज दी है और स्लीपर सेल से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।