National Technology

गगनयान मिशन में ISRO की बड़ी कामयाबी: ड्रॉग पैराशूट का सफल परीक्षण, सुरक्षित लैंडिंग की राह आसान

इसरो को अपने गगनयान मिशन में एक और बड़ी कामयाबी मिली है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने गगनयान क्रू मॉड्यूल के लिए गति-मंदन प्रणाली में इस्तेमाल होने वाले ड्रॉग पैराशूट का सफल परीक्षण किया है। ये परीक्षण चंडीगढ़ की टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लेबोरेटरी में रेल ट्रैक रॉकेट स्लेड प्रणाली के जरिए किए गए। इसरो के अनुसार क्रू मॉड्यूल की लैंडिंग प्रणाली में कुल 10 पैराशूट शामिल हैं। परीक्षण के दौरान दो एपेक्स कवर सेपरेशन पैराशूट अलग हुए, इसके बाद दो ड्रॉग पैराशूट मॉड्यूल को स्थिर और गति कम करने का काम करते हैं। इसके बाद तीन पायलट पैराशूट मुख्य पैराशूट को खोलते हैं, जिससे क्रू मॉड्यूल की गति और घटती है और सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित होती है।

ड्रॉग पैराशूट मानव अंतरिक्ष उड़ान के दौरान मॉड्यूल की स्थिरता और सुरक्षा के लिए अहम घटक हैं। इस परीक्षण श्रृंखला का उद्देश्य चरम परिस्थितियों में पैराशूट की विश्वसनीयता और कार्यक्षमता का मूल्यांकन करना था। इसरो के मुताबिक इन परीक्षणों की सफलता मानव अंतरिक्ष उड़ान के लिए पैराशूट प्रणाली को योग्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसमें विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र, एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट और टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लैब सहित डीआरडीओ की भागीदारी रही।