Politics

मुंबई में शरद पवार की NCP को बड़ा झटका, मुंबई अध्यक्ष राखी जाधव BJP में शामिल

मुंबई नगर निगम चुनाव से पहले शरद पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की मुंबई अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता राखी जाधव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। राखी जाधव ने विधायक पराग शाह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। खास बात यह है कि NCP के दो धड़ों में बंटने के बाद भी राखी जाधव लंबे समय तक शरद पवार के साथ बनी रहीं, लेकिन नगर निगम चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर नाराजगी के चलते उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।

बताया जा रहा है कि राखी जाधव को घाटकोपर से BJP का नगर निगम चुनाव टिकट मिल सकता है। हालांकि, जिस वार्ड से उन्हें टिकट दिया जाएगा, वहां भाजपा के भीतर ही बगावत की आशंका जताई जा रही है। राखी जाधव तीन बार घाटकोपर से नगरसेवक रह चुकी हैं और मुंबई महानगरपालिका में NCP की ग्रुप लीडर की भूमिका निभा चुकी हैं। नवाब मलिक के अजित पवार गुट में जाने के बाद उन्हें मुंबई NCP (शरद पवार गुट) का अध्यक्ष बनाया गया था। पार्टी के कठिन दौर में उन्होंने मुंबई में संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राखी जाधव का BJP में जाना शरद पवार गुट के लिए न केवल संगठनात्मक बल्कि रणनीतिक रूप से भी बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।