दक्षिणी फिलीपींस में सोमवार तड़के एक भीषण समुद्री दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। 350 से अधिक लोगों को लेकर जा रही एक यात्री फेरी समुद्र में डूब गई। अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 244 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए व्यापक स्तर पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डूबी हुई फेरी का नाम एम/वी ट्रिशा केर्स्टिन 3 था, जिसे एलेसन शिपिंग लाइंस संचालित करती है। यह नौका जाम्बोआंगा शहर से सुलु प्रांत के जोलो द्वीप के लिए रवाना हुई थी। फेरी पर 332 यात्री और 27 क्रू मेंबर सवार थे, यानी कुल 359 लोग मौजूद थे।
कोस्ट गार्ड के मुताबिक, आधी रात के बाद बेसिलन प्रांत के पास फेरी में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते वह समुद्र में डूब गई। हादसे के वक्त मौसम सामान्य था और किसी तूफान की सूचना नहीं थी। फेरी बालुक-बालुक द्वीप गांव से करीब दो किलोमीटर दूर समंदर में समा गई।
राहत कार्य में तटरक्षक जहाज, नौसेना, निगरानी विमान, वायुसेना के हेलीकॉप्टर और स्थानीय मछुआरे जुटे हुए हैं। अधिकारियों ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह हादसा फिलीपींस में बार-बार होने वाली समुद्री दुर्घटनाओं और सुरक्षा मानकों पर फिर से सवाल खड़े करता है।









