Assam National

असम–त्रिपुरा में जिहादी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, 11 कट्टरपंथी गिरफ्तार

असम और त्रिपुरा में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े कट्टरपंथी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। बांग्लादेश से जुड़े उग्रवादी संगठनों के संपर्क में काम कर रहे 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त पार्थसारथी महंत के अनुसार, यह कार्रवाई स्पेशल टास्क फोर्स ने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से मिले ठोस इनपुट के आधार पर की।

सोमवार रात असम के बारपेटा, चिरांग, बक्सा और दरांग जिलों के साथ-साथ त्रिपुरा में एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान 10 आरोपी असम से और एक आरोपी त्रिपुरा से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि ये सभी ‘इमाम महमूद काफिला’ (IMK) नामक मॉड्यूल से जुड़े थे और बांग्लादेश में सक्रिय कट्टरपंथी संगठनों के निर्देशों पर काम कर रहे थे।

पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क का उद्देश्य असम समेत पूरे पूर्वोत्तर भारत में अशांति फैलाना और कट्टर विचारधारा को बढ़ावा देना था। ये लोग ‘गजवतुल हिंद’ जैसी सोच का प्रचार कर रहे थे। हालांकि छापेमारी के दौरान कोई हथियार बरामद नहीं हुआ, लेकिन कई संदिग्ध दस्तावेज और डिजिटल सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि अगस्त 2024 में बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद से आतंकी गतिविधियों में तेजी देखी गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर मोड़ा जा रहा था। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं और अन्य लिंक की भी पड़ताल जारी है।