Sports

क्रिकेट के नियमों में बड़े बदलाव, टेस्ट और हिट विकेट में नया नियम लागू

टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं और इस बार क्रिकेट के नियमों में बड़ा अपडेट किया गया है। मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने कुल 73 नियमों में बदलाव किए हैं, जो 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। इसमें डेड बॉल, ओवरथ्रो, बाउंड्री कैच और विकेटकीपर की पोजीशन समेत कई महत्वपूर्ण बदलाव शामिल हैं।

सबसे बड़ा बदलाव टेस्ट क्रिकेट के आखिरी ओवर से जुड़ा है। अब दिन का आखिरी ओवर हर हाल में पूरा खेला जाएगा, चाहे उस दौरान विकेट क्यों न गिर जाए। MCC का कहना है कि पुराने नियम में बैटिंग टीम को फायदा मिलता था और रोमांच खत्म हो जाता था।

दूसरा बड़ा बदलाव हिट विकेट से जुड़ा है। अब यदि बल्लेबाज शॉट खेलने के बाद संतुलन खोकर स्टम्प्स से टकराता है, तो उसे हिट विकेट आउट माना जाएगा। हालांकि, यदि बैटर फील्डर से टकराकर गिरता है, तो आउट नहीं होगा। साथ ही, बल्ला हाथ से छूटकर सीधे स्टम्प्स को टकराए तो बैटर आउट होगा, लेकिन यदि किसी खिलाड़ी से टकराकर स्टम्प्स गिरता है तो नॉट आउट रहेगा। क्रिकेट के इतिहास में यह तीसरी बार है जब इतने बड़े स्तर पर नियम बदले गए हैं। घरेलू क्रिकेट में इसे लागू करने का निर्णय अब राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड्स पर छोड़ा गया है।