Business

1 नवंबर से बैंकिंग नियमों में बड़े बदलाव, अब 4 नॉमिनी और आसान आधार अपडेट

1 नवंबर 2025 से बैंकिंग नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो रहे हैं, जो हर बैंक खाताधारक के लिए जानना जरूरी है. नए नियमों के तहत अब ग्राहक अपने बैंक खाते, एफडी, आरडी और अन्य डिपॉजिट्स के लिए एक नहीं बल्कि चार नॉमिनी नामित कर सकेंगे. इसके साथ ही यह भी तय किया जा सकेगा कि संपत्ति का कितना हिस्सा किस नॉमिनी को मिलेगा. ये नियम सिंगल और ज्वॉइंट खातों दोनों पर लागू होंगे. बैंक लॉकर और सेफ कस्टडी के नियमों में भी बदलाव हुआ है. लॉकर के लिए भी खाताधारक नॉमिनी का क्रम तय कर सकेंगे, जिससे संपत्ति के हस्तांतरण में विवाद कम होंगे.

आधार कार्ड अपडेट प्रक्रिया भी अब और आसान हो गई है. नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी के लिए आधार केंद्र आने की जरूरत नहीं होगी. UIDAI ऑनलाइन माध्यम से आपकी जानकारी को पैन, पासपोर्ट और राशन कार्ड जैसे डेटाबेस से स्वतः वेरिफाई कर देगा. केवल बायोमेट्रिक जैसे फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन के लिए ही केंद्र जाना पड़ेगा. इन बदलावों से बैंकिंग और लॉकर नॉमिनी संबंधी प्रक्रियाएं पारदर्शी, आसान और विवाद-मुक्त होंगी, साथ ही खाताधारकों की रोजमर्रा की सुविधा भी बढ़ेगी.