Maharashtra

महाराष्ट्र बजट में बड़ा ऐलान: किसानों की 2 लाख तक कर्जमाफी, कई बड़ी योजनाएं घोषित

महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए किसानों को बड़ी राहत देते हुए कर्जमाफी योजना की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर शेतकरी कर्जमाफी योजना’ शुरू करने का ऐलान किया, जिसके तहत किसानों का 2 लाख रुपये तक का कृषि कर्ज माफ किया जाएगा। साथ ही जो किसान नियमित रूप से अपना कर्ज चुकाते हैं, उन्हें 50 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन अनुदान दिया जाएगा।

सरकार ने कहा कि इस योजना का लाभ 30 सितंबर 2025 तक फसल ऋण के बकायेदार किसानों को मिलेगा। सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक राहत देना और समय पर कर्ज चुकाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करना है। इसके लिए एक समिति का भी गठन किया गया है, जिसकी सिफारिशों के आधार पर दीर्घकालिक योजना तैयार की जाएगी। बजट में मुख्यमंत्री लाडकी बहन योजना को भी जारी रखने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा एकल महिलाओं के कल्याण के लिए जल्द ही नई नीति लाने की भी बात कही गई है, जिसका लक्ष्य महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।

महाराष्ट्र सरकार ने कई अन्य योजनाओं की भी घोषणा की है, जिनमें प्राकृतिक कृषि मिशन, मत्स्य पालन योजना, ग्रामीण पशुधन उद्यमी योजना और बलिराजा शेत पानंद सड़क योजना शामिल हैं। सरकार ने कहा कि राज्य के विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया जाएगा। इसके तहत 75 गांवों में पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। सरकार का दावा है कि महाराष्ट्र 2047 तक देश की 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देगा और विकास की गति को और तेज किया जाएगा।