Bihar Bihar Elections 2025

दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: भदौर और घोसवरी थानाध्यक्ष निलंबित, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

पटना | नवंबर 01, 2025
मोकामा विधानसभा क्षेत्र के भदौर में जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने प्रशासनिक लापरवाही के आरोप में भदौर थानाध्यक्ष रवि रंजन चौहान और घोसवरी थानाध्यक्ष मधुसूदन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

एसएसपी ने बताया कि दोनों अधिकारियों ने क्षेत्र में सतर्कता नहीं बरती और जांच के दौरान कई गंभीर त्रुटियां सामने आईं। उन्होंने कहा कि “मामले के अन्य बिंदुओं पर गहराई से जांच जारी है और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या के नए सबूत

हत्या की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दुलारचंद यादव की मौत सीने पर भारी वस्तु से दबाव पड़ने के कारण हुई। इससे उनके हृदय और फेफड़ों पर गहरा असर पड़ा, जिससे उनकी सांसें थम गईं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि उनकी एड़ी में गोली लगी थी, जो आर-पार निकल गई। इसके अलावा कई पसलियां टूटी मिली हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहले पिटाई की गई और बाद में वाहन से कुचलने की कोशिश की गई

अब तक 21 लोग गिरफ्तार

इस हत्या मामले में अब तक चार प्राथमिकियां दर्ज हो चुकी हैं। शुक्रवार देर रात राजद प्रत्याशी वीणा देवी के समर्थक ने तीन नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ चौथी एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने अब तक 21 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अनंत सिंह समर्थक 9 और प्रियदर्शी पियूष खेमे के 12 लोग शामिल हैं।

रातभर चली छापेमारी

हत्या के बाद पुलिस ने मोकामा, हथिदह, पंडारक और बाढ़ थाना क्षेत्रों में देर रात कड़ी छापेमारी की। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एफएसएल रिपोर्ट का अभी इंतजार है, जो जांच की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।