महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल सकता है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी और राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार को राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की तैयारी तेज हो गई है। 62 वर्षीय सुनेत्रा पवार शनिवार को मुंबई में होने वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) विधायक दल की बैठक में नेता चुनी जा सकती हैं। इसके बाद उनके उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। फिलहाल वह महाराष्ट्र विधानमंडल के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ किया है कि राकांपा जो भी फैसला लेगी, भाजपा और महायुति सरकार उसका समर्थन करेगी। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने कहा कि अजित पवार की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए सुनेत्रा सबसे उपयुक्त विकल्प हैं। अजित पवार के पास वित्त और योजना जैसे अहम विभाग थे। बजट सत्र को देखते हुए वित्त विभाग फिलहाल मुख्यमंत्री या किसी वरिष्ठ मंत्री के पास रह सकता है, जबकि अन्य जिम्मेदारियां सुनेत्रा पवार को सौंपी जा सकती हैं।
सुनेत्रा पवार का यह कदम न सिर्फ राजनीतिक, बल्कि प्रतीकात्मक रूप से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन सकती हैं।









