Maharashtra National

महाराष्ट्र: एकनाथ शिंदे को बम से उड़ाने की मिली थी धमकी, 2 लोग गिरफ्तार

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मुंबई पुलिस ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ईमेल के सिलसिले में महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से दो लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बताया कि दोनों की पहचान मंगेश वायल (35) और अभय शिंगणे (22) के रूप में हुई है. दोनों जिले के देउलगांव राजा के देउलगांव माही इलाके के निवासी हैं.

एक अधिकारी के मुताबिक, शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल गुरुवार को महानगर के गोरेगांव और जेजे मार्ग पुलिस स्टेशनों पर मिले थे. जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई. गोरेगांव पुलिस थाने में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) आपराधिक धमकी और 353(2) सार्वजनिक शरारत के लिए बयान देने के तहत एफआईआर दर्ज की.

उन्होंने बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने भी जांच शुरू की और मेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए तकनीकी विश्लेषण का इस्तेमाल किया. उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच की एक टीम बुलढाणा पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से इस अपराध में शामिल होने के संदेह में दो लोगों को पकड़ा. अधिकारी ने बताया कि दोनों को मुंबई लाया जा रहा है और जांच जारी है.