देश में बढ़ती गैस की मांग और सप्लाई को लेकर चिंता के बीच, भारत पेट्रोलियम लिमिटेड ने गुरुग्राम में LPG ATM की नई सुविधा शुरू की है। यह पायलट प्रोजेक्ट लोगों को 24 घंटे तेज और आसान तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। खासकर मौजूदा अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच, जब लोगों को सिलेंडर की कमी का डर सता रहा है, यह पहल बड़ी राहत बनकर सामने आई है। यह LPG ATM पूरी तरह डिजिटल और ऑटोमेटिक सिस्टम पर काम करता है। उपभोक्ता को सबसे पहले मशीन पर अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालना होता है, जिसके बाद OTP के जरिए वेरिफिकेशन होता है। फिर सिलेंडर पर लगे QR कोड या बारकोड को स्कैन कर डिजिटल पेमेंट (UPI या कार्ड) करना होता है। प्रक्रिया पूरी होते ही मशीन खाली सिलेंडर अपने पास रख लेती है और मात्र 2-3 मिनट में भरा हुआ सिलेंडर बाहर दे देती है।
इस मशीन की क्षमता लगभग 10 सिलेंडर की है और इसमें स्मार्ट अलर्ट सिस्टम भी लगा है। जैसे ही स्टॉक कम होता है, यह नजदीकी गैस एजेंसी को सूचना भेज देता है, जिससे समय पर सप्लाई सुनिश्चित हो सके। फिलहाल यह सुविधा केवल भारत गैस के ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। हालांकि, अगर यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो आने वाले समय में इसे देश के अन्य शहरों में भी लागू किया जा सकता है। इस LPG ATM की एक खास बात यह भी है कि इसमें मिलने वाला सिलेंडर पारंपरिक लोहे का नहीं, बल्कि फाइबर से बना होता है। यह हल्का (करीब 15 किलो), जंग-रहित और ट्रांसपेरेंट होता है, जिससे उपभोक्ता आसानी से गैस का लेवल देख सकते हैं। यह न केवल उपयोग में आसान है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बेहतर माना जा रहा है।









